ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से युवक की मौत, चार घायल
बडौनी। तेज गति से जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई वहीं दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसा बडौनी थाना क्षेत्र के ग्राम कमथरा के पास का है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम बिल्हारी जा रहा ट्रैक्टर तेज रफ्तार में होने के कारण कमथरा के पास बडौनी बिल्हारी रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खेत में जा पलटा। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार कप्तान पुत्र छोटे लाल रजक 22 निवासी बिल्हारी की मौत हो गई। वहीं रामकिशन पुत्र गंधा कुशवाहा निवासी बिल्हारी, अजय पुत्र नारायण कुशवाह, गीता पत्नी संतोष कुशवाह, भगवती पत्नी पतिराम कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस तक पहुंचाई। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।