बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर किराएदार से किया दुष्कर्म

बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर किराएदार से किया दुष्कर्म


ग्वालियर। घर में अकेली किराएदार को बच्चों की हत्या की धमकी देकर मकान मालिक ने दुष्कर्म कर दिया। घटना शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे गिरवाई बाबा की पहाड़िया की है। डर के चलते महिला खामोश रही, लेकिन अगले दिन शनिवार को फिर मकान मालिक घर में घुस आया। किसी तरह खुद को बचाकर महिला बाहर आई और शोर मचा दिया। इसके बाद पति के साथ गिरवाई थाने पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


गिरवाई थानाक्षेत्र स्थित बाबा की पहाड़िया पर योगेश पुत्र रूप सिंह कुशवाह का घर है। उनके घर में कुछ समय पहले एक 35 वर्षीय महिला अपने दो बच्चों व पति के साथ किराए पर रहने आई थी। शुक्रवार दोपहर महिला का पति काम पर गया था। महिला दो बच्चों के साथ सो रही थी, तभी मकान मालिक योगेश घर में घुस आया। महिला ने आने का कारण पूछा तो उसने हाथ पकड़ लिया। साथ ही बच्चों की हत्या करने की धमकी देकर दुष्कर्म कर दिया। साथ ही धमकाकर गया कि किसी से जिक्र किया तो वह पति और बच्चों को मार देगा। महिला डर के चलते किसी से कुछ नहीं कह सकी। इसके बाद शनिवार को फिर योगेश कमरे में आ गया और जबरदस्ती करने लगा। इस पर खुद को बचाकर महिला बाहर सड़क पर पहुंची। महिला के शोर मचाते ही काफी लोग एकत्रित हो गए। उसके बच्चों को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस तक पहुंचाया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।